आम के बगीचे में युवक का शव लटकता मिला, हत्या या आत्महत्या का रहस्य बरकरार

मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड के मनमोहन गांव में शनिवार सुबह करीब 10 बजे, एक आम के बगीचे में युवक का शव लटकता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान फेंट गांव के 45 वर्षीय विनोद मंडल के रूप में हुई है, जो पिछले पांच सालों से दमन में मजदूरी कर रहा था।




घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बासोपट्टी के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और प्रशिक्षु दरोगा प्रिया कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया।


मृतक के पड़ोसी वासुदेव मंडल ने बताया कि विनोद मंडल तीन वर्षों बाद अपने कुछ साथियों के साथ दमन से घर लौट रहा था। मृतक की जेब से ट्रेन का टिकट मिला है, जिसमें दो लोगों के नाम थे। स्थानीय बच्चों ने सुबह आम के बगीचे में खेलते समय युवक को लटकते हुए देखा और तुरंत ग्रामीणों को सूचित किया। 


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने मीडिया को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों द्वारा आवेदन देने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


यह घटना क्षेत्र में सनसनी फैलाने के साथ ही कई सवाल भी खड़े कर रही है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है। क्षेत्र के लोग अब इस मामले की सच्चाई जानने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।